पुलिस महकमे में नौकरी दिलाने का झांसा देकर 11 लाख रुपए हड़पने का मामला सामने आया है। प्रतापनगर थाने में नामजद आरोपी के खिलाफ केस दर्ज हुआ है।
प्रतापनगर पुलिस ने बताया कि चांदणा भाकर स्थित ज्योति नगर निवासी धन्नाराम पुत्र नगाराम जाट ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज करवाया। इसमें बताया कि जालोर जिले के राणीवाड़ा स्थित कोटड़ा निवासी विष्णु प्रकाश पुत्र हरिराम विश्नोई ने पुलिस में नौकरी दिलाने का झांसा देकर 11 लाख रुपए ऐंठ लिए। मामले के अनुसार 2 मार्च 2018 को विष्णु नगाराम के घर आया, जिसने खुद की पुलिस में पहचान बताते हुए बेरोजगारों को पुलिस में भर्ती करवाने की बात कही। आरोपी ने कुछ लोगों से फोन पर बात भी करवाई जो पुलिस भर्ती में उसके मार्फत लगे थे। ऐसे में विष्णु ने वहां प्रत्येक व्यक्ति के अॉनलाइन फॉर्म भी भराए और दो-दो फोटो व दस्तावेज लिए। इसके बाद प्रति व्यक्ति नौकरी के नाम पर 5-5 लाख और नौकरी पक्की होने पर दो-दो लाख रुपए की मांग की, लेकिन परीक्षा से पहले तीन लाख रुपए देना जरूरी बताया। इस पर नगाराम ने 5 लाख 50 हजार रुपए, बिरमाराम व धापू देवी ने डेढ़-डेढ़ लाख रुपए और दमयंती व टीकमाराम ने सवा-सवा लाख रुपए विष्णु को दे दिए। ऐसे में आरोपी ने झांसे में लेकर बेरोजगारों से कुल 11 लाख रुपए हड़प लिए। पुलिस में भर्ती नहीं होने पर जब वे रुपए वापस मांगने लगे तो वह टालमटोल करता रहा। बाद में मामला थाने पहुंचा और नामजद आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज करवाया गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
पुलिस में नौकरी का झांसा दे 11 लाख हड़पे, केस